भारतीय पूर्व कप्तान और बेहतरीन क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के क्रिकेट भविष्य अभी तक कुछ साफ साफ नज़र नहीं आ रहा है। जहाँ एक तरफ लोग संयास की अटकलें लगा रहे तो वही धोनी ने अपना बल्ला अभ्यास के लिए उठा लिया। उनका बल्ला उठते देख हरभजन सिंह ने भी उनके भविष्य को लेकर बात को उलझा दिया है। उन्होंने कहा भले धोनी आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर ले लेकिन अब भारतीय टीम में उन्हें चौके छक्के लगाने का मौका नहीं मिलेगा।
हालांकि महेंद्र सिंह धोनी ने गुरुवार को झारखंड रणजी टीम के साथ अभ्यास शुरू कर दिया। धोनी अपने भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच रांची में अपनी घरेलू टीम के नेट अभ्यास सत्र के दौरान मौजूद रहे। इस प्रेक्टिस से उन्होंने खेली जाने वाली इंडियन प्रीमियर लीग के लिए खुद को तैयार रखने के लिए इशारा दिया है।
झारखंड टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों ने बताया, ‘यहां तक कि हमें भी पता नहीं था कि वह हमारे साथ अभ्यास करने के लिए आ रहे हैं. यह सुखद आश्चर्य था। उन्होंने कुछ देर तक बल्लेबाजी की’ उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि वह नियमित तौर पर टीम के साथ अभ्यास करेंगे। उनकी उपस्थिति से ही खिलाड़ियों को मदद मिल सकती है।’ झारखंड की टीम ने जहां लाल गेंद से अभ्यास किया वहीं धोनी सफेद गेंद से ही प्रैक्टिस करेंगे। धोनी ने 9 जुलाई को भारत के विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 38 साल के धोनी को बीसीसीआई की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर कर दिया गया है।
वहीं महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य के अटकलों के बीच ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि अगर वे आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तब भी उनके फिर से भारतीय टीम में खेलने की संभावना नहीं है। हरभजन सिंह ने इनके संयास की अटकलों कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि वह फिर भारत के लिए खेलेंगे, क्योंकि उन्होंने फैसला कर लिया था कि वह 2019 विश्व कप तक ही खेलेंगे। वह आईपीएल की तैयारी कर रहे होंगे।’